विश्व आदिवासी दिवस पर दुर्गा सोरेन सेना ने उठाई छात्र-युवाओं के अधिकारों की आवाज, JPSC-JSSC सुधार की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

पाकुड़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दुर्गा सोरेन सेना एवं JPSC-JSSC Reform Munch की ओर से रविवार को पाकुड़ के गांधी चौक में छात्र-युवाओं, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों और आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

संगठन ने झारखंड में JPSC एवं JSSC से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने, योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सरकारी भर्ती परीक्षाओं में जवाबदेही एवं पारदर्शिता कायम करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान पाकुड़ के KKM कॉलेज में स्नातक की लगभग 3,000 सीटें घटाए जाने के मुद्दे को लेकर भी चिंता जताई गई। दुर्गा सोरेन सेना ने संबंधित विभाग और प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट एवं आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। संगठन ने सवाल उठाया कि सीटों में कमी का कारण क्या है और इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

संगठन का कहना है कि शिक्षा के अवसरों को प्रभावित करने वाले किसी भी निर्णय से पहले छात्रों और अभिभावकों को विश्वास में लिया जाना चाहिए। झारखंड के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर संगठन ने कहा कि यह दिन आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, अधिकार और सम्मान के प्रति संकल्प लेने का अवसर है। शिक्षा और रोजगार को सामाजिक न्याय का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा गया कि झारखंड के आदिवासी सहित सभी वर्गों के छात्र-युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए।

दुर्गा सोरेन सेना ने JPSC-JSSC से जुड़े छात्र-युवा आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि युवाओं की शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक आवाज को मजबूती प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में भर्ती प्रक्रिया, युवाओं के अधिकार, KKM कॉलेज में स्नातक सीटों का मुद्दा तथा छात्र-युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा की गई।

संगठन ने मीडिया बंधुओं, छात्र-युवाओं, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से युवाओं के अधिकारों की आवाज को मजबूत करने की अपील की।

इस अवसर पर दुर्गा सोरेन सेना के पाकुड़ जिला अध्यक्ष उज्ज्वल भगत सहित संगठन से जुड़े कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:- सरोज झा

v9news
Author: v9news

Leave a Comment

और पढ़ें